

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सोशल मीडिया पर तलवार और डमी कट्टा लहराकर दबंगई का प्रदर्शन करने वाले दो युवकों के खिलाफ तहबरपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने यह कार्रवाई “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत की।पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम ID @RKBHAIAZAMGARH_MTL_0999 पर रवि कुमार और सत्यानन्द कुमार, निवासी रमनीपुर, थाना तहबरपुर, द्वारा तलवार एवं डमी कट्टा लहराते हुए उत्तेजक वीडियो/रील्स पोस्ट किए जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा होने की आशंका थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को चिन्हित कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिसकर्मियों से कहासुनी और हाथापाई करते हुए विवाद किया तथा फौजदारी पर आमादा हो गए। इसके बाद थाना तहबरपुर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई और भय का माहौल बनाने वाली गतिविधियों पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
