

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी की शिक्षक बैठक के दौरान सपा एमएलसी लाल बिहारी यादव के कथित बयान का वीडियो वायरल होने के बाद जिले की सियासत गरमा गई है। उनके बयान को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाताओं का अपमान बताया है।आजमगढ़। आगामी विधान परिषद और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में आजमगढ़ के नेहरू हाल में शिक्षकों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।इसी बैठक के दौरान शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वह शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं कि “अखिलेश यादव किसी कुत्ते के गले में भी घंटी बांध दें तो हम सभी को उसी को वोट देना है।” वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।बैठक का उद्देश्य आगामी एमएलसी चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर शिक्षकों को पार्टी के पक्ष में लामबंद करना और संगठन को मजबूत करना बताया गया। हालांकि, वायरल वीडियो में दिए गए बयान को लेकर अब भाजपा ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है।भाजपा नेता जयनाथ सिंह ने सपा एमएलसी के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर जनप्रतिनिधि का चुनाव करती है। ऐसे में विधान परिषद के सम्मानित सदस्य द्वारा इस तरह की टिप्पणी किया जाना निंदनीय है।उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक दल द्वारा किसी प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारने का अर्थ यह नहीं है कि जनता आंख बंद करके उसी को वोट दे। जनता को अपने विवेक से मतदान करने का अधिकार है। जयनाथ सिंह ने कहा कि इस तरह का बयान लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं का अपमान है।भाजपा नेता ने यह भी कहा कि कार्यक्रम में सांसद, पूर्व विधायक, मंत्री और विधायक सहित सपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे, इसके बावजूद इस तरह की टिप्पणी सामने आई। उन्होंने लाल बिहारी यादव से अपने बयान पर विचार करने और सर्व समाज एवं आजमगढ़ की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि पार्टी किसी व्यक्ति को टिकट देकर चुनाव लड़ाती है तो क्या वह व्यक्ति भी इसी तर्क के आधार पर ‘कुत्ता’ हो जाता है। भाजपा नेता की इस प्रतिक्रिया के बाद मामला और गरमा गया है।फिलहाल सपा एमएलसी लाल बिहारी यादव का यह कथित बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे लेकर आजमगढ़ में सपा-भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
