

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की देर रात पवई थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। स्टोन नंबर 191 के पास एक रोडवेज बस गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से जा टकराई। हादसे में बस चालक और एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार बेल्थरा रोड डिपो की रोडवेज बस लखनऊ से बलिया के लिए रवाना हुई थी। बस को लखनऊ से आजमगढ़ होते हुए बलिया जाना था। देर रात बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से आजमगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान स्टोन नंबर 191 के पास बस के आगे चल रहे एक पिकअप वाहन की गति अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि पिकअप को अनियंत्रित होते देख बस चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। बस की गति तेज होने के कारण चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की काफी कोशिश की, लेकिन बस लहराते हुए एक्सप्रेसवे किनारे बने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस टीम और पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और राहतकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल और आसपास के अस्पतालों में भेजा गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पवई थानाध्यक्ष के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हुई है। मृतकों में रोडवेज बस चालक और एक महिला यात्री शामिल हैं। मृतकों की पहचान की कार्रवाई की जा रही है। वहीं करीब दो दर्जन यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस के आगे चल रहे पिकअप वाहन के अचानक अनियंत्रित होने और उसे बचाने के प्रयास को माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
