

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने पर थाना गंभीरपुर में तैनात उप निरीक्षक ना.पु. संजय सिंह को निलंबित कर दिया है।पुलिस के अनुसार, उप निरीक्षक संजय सिंह के खिलाफ थाना स्तर पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समय से निस्तारण नहीं करने, पीड़ितों की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने, कार्य सरकार में रुचि नहीं लेने तथा पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता के आरोप प्रथम दृष्टया सामने आए थे।इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने 21 अगस्त 2026 को उप निरीक्षक संजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही शुरू किए जाने के आदेश दिए गए हैं।एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया है कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य के प्रति लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
