आजमगढ़ बिजली बिल राहत योजना 2025 लागू छूट के प्रचार-प्रसार के लिए निकाली गई रैली

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से बिजली बिल राहत योजना-2025 लेकर आया है। इस योजना का लाभ उन घरेलू 2 किलोवाट तक एवं वाणिज्यिक 1 किलोवाट तक उपभोक्ताओं को मिलेगा जिनके बिल नेवर पेड लॉन्ग अनपेड की श्रेणी में हैं। योजना तीन चरणों में संचालित होगी। प्रथम चरण 01 दिसम्बर 2025 से 31 दिसम्बर 2025 तक, द्वितीय चरण 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक और तृतीय चरण 01 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक चलेगी। केवल 2000 रुपए जमा कर पंजीकरण कराया जा सकेगा। पूरी योजना अवधि में लेट पेमेंट सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट है। एकमुश्त भुगतान पर पहली बार मूल धन में 25 प्रतिशत तक की भारी छूट है। उपभोक्ता uppcl.org पोर्टल, विद्युत सखी, मीटर रीडर या जन सेवा केंद्र के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। शुक्रवार को पुरानी जेल सब स्टेशन से उप खंड अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में ओटीएस योजना के प्रचार प्रसार के लिए विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने रैली निकाली और विद्युत उपभोक्ताओं को योजना के प्रति जागरूक किया। यह रैली पुरानी जेल से होते हुए कोतवाली, बड़ा देव, मातबरगंज, चौक होते हुए पुरानी कोतवाली जाकर समाप्त हुई। रैली में अवर अभियंता रैदोपुर लाल बहादुर एवं अवर अभियंता पुरानी जेल अनिल कुमार सहित कई विद्युत कर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *