

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के शेरवा गांव में शराब के नशे में पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और लकड़ी का टुकड़ा भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, शेरवा गांव निवासी प्रमिला ने 20 अगस्त को थाने में तहरीर दी थी कि 19 अगस्त को उनके पति पारस उर्फ पारसनाथ ने शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से उनके सिर पर हमला किया। इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।तहरीर के आधार पर अतरौलिया थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विश्वजीत पाण्डेय को सौंपी गई थी। शुक्रवार 21 अगस्त को पुलिस टीम ने वांछित आरोपी पारस पुत्र रामचेत (52 वर्ष) को अतरैठ से करीब 4:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पीछे झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और लकड़ी का एक टुकड़ा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विश्वजीत पाण्डेय, कांस्टेबल उमेश कुमार, अजीत कुमार और अभिषेक मिश्रा शामिल रहे।
