


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थियों को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल कराने वाले गिरोह के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली पुलिस ने वाराणसी निवासी कुश पटेल (27) को नरौली तिराहा बंधा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद हुआ है।मामला 9 अगस्त को शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज, आजमगढ़ में आयोजित UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा का है। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी आलोक पटेल की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कान से हियरिंग डिवाइस और अंडरवियर से सिम व बैटरी लगी ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुई थी।पूछताछ में सामने आया कि परीक्षा के दौरान बाहर से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए अभ्यर्थी को प्रश्नों के उत्तर बताने की योजना थी। इस मामले में पूर्व में अभ्यर्थी आलोक पटेल और विरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कुश पटेल ने पूछताछ में बताया कि परीक्षा से पहले अभ्यर्थी से 6 लाख रुपये में परीक्षा में नकल कराने की बात तय हुई थी। हियरिंग और ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से अभ्यास भी कराया गया था। परीक्षा के दिन वह अपने साथियों के साथ अभ्यर्थी को वाराणसी से आजमगढ़ लेकर आया था। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर चला गया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य बाहर इंतजार कर रहे थे। पुलिस की कार्रवाई और एक अभ्यर्थी के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही अन्य लोग मौके से फरार हो गए।पुलिस ने मामले में धारा 319(2), 318(4), 61(2) बीएनएस, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश-2024 तथा 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
