


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थी को नकल कराकर पास कराने की साजिश का आजमगढ़ पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने अंतर्जनपदीय नकल माफिया गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक अभ्यर्थी को परीक्षा में पास कराने के लिए गिरोह ने छह लाख रुपये में सौदा तय किया था।मामला 9 अगस्त का है। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज, आजमगढ़ में UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा के दौरान ब्लॉक-ए के एक कक्ष में परीक्षा दे रहे वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र निवासी आलोक पटेल की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। कक्ष निरीक्षकों ने जांच की तो उसके कान के अंदर से एक हियरिंग डिवाइस तथा अंडरवियर के अंदर से सिम कार्ड और दो सेल बैटरी लगी ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुई।पूछताछ में सामने आया कि इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए बाहर से प्रश्नों के उत्तर अभ्यर्थी तक पहुंचाने की तैयारी थी। मामले में थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आलोक पटेल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।छह लाख में पास कराने की थी डीलविवेचना के दौरान नकल कराने वाले गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 11 अगस्त को पुलिस ने वीरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू, निवासी कुरौना सरौनी, थाना जंसा, वाराणसी को आजमगढ़ के प्राइवेट बस अड्डे से करीब 12:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों आनंद पटेल और कुश पटेल के साथ मिलकर परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने की व्यवस्था करने वाले लोगों से संपर्क किया था। आलोक पटेल को UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में पास कराने के लिए छह लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। डिवाइस उपलब्ध कराने के एवज में 15 हजार रुपये एडवांस लिए जाने की बात भी सामने आई है।पुलिस के अनुसार परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से बाहर से प्रश्नों के उत्तर अभ्यर्थी तक पहुंचाने की योजना थी। अभ्यर्थी के परीक्षा के दौरान पकड़े जाने के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका भी विवेचना में सामने आई है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और वाराणसी में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में सामने आए अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
