


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महोदया के 11 अगस्त को प्रस्तावित आजमगढ़ दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वीवीआईपी सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई।पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने वीवीआईपी ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने ड्यूटी प्वाइंट, रूट व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और बैरिकेडिंग के साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई को लेकर पुलिसकर्मियों को सतर्क किया।अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचें और पूरी सतर्कता व अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने तथा किसी भी परिस्थिति में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।ब्रीफिंग में आजमगढ़ के राजपत्रित और अराजपत्रित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ वीवीआईपी ड्यूटी के लिए अन्य जनपदों से आए पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। राज्यपाल के आगमन को लेकर आजमगढ़ पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था के लिए व्यापक पुलिस प्रबंध किए हैं।
