AEPS साइबर ठगी गैंग का सरगना गिरफ्तार, क्लोनिंग में इस्तेमाल फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता आजमगढ़। जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गम्भीरपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने AEPS क्लोनिंग के जरिए साइबर ठगी करने वाले गैंग के सरगना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक कूटरचित (फर्जी) आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा गंभीरपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी व साइबर सेल प्रभारी रवि गौतम व उनकी टीम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सद्दाम पुत्र तौफिक, निवासी ग्राम रंजीतपट्टी मुहम्मदपुर, थाना गम्भीरपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने बताया कि 11 जुलाई 2026 को इसी मामले में यश विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि वह सद्दाम के साथ मिलकर आधार आधारित बैंकिंग प्रणाली (AEPS) और बायोमेट्रिक उपकरणों का दुरुपयोग कर साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि विभिन्न बैंक खातों से निकालता था और कमीशन के आधार पर रकम का बंटवारा करता था।सोमवार को मुखबिर की सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने रानीपुर-रजमों मोड़ से सद्दाम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक फर्जी आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना गम्भीरपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 171/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66D में कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से भी गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा मारपीट, बलवा और अन्य गंभीर धाराओं सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *