

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। गंभीरपुर थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि बदलकर अलग-अलग पासपोर्ट बनवाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर कूटरचित पासपोर्ट एवं अन्य फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, 13 मई 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार यादव की तहरीर पर गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि ग्राम मंगरावा रायपुर निवासी मोहम्मद तारिक पुत्र खालिक अहमद ने कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अपना नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि बदलकर अलग-अलग पासपोर्ट बनवा लिए। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में बीएनएस की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं।रविवार को उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ चेकिंग के दौरान रोहुआ मोड़ से आरोपी मोहम्मद तारिक को दोपहर करीब 2:35 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।आरोपी के खिलाफ गंभीरपुर थाने में मु0अ0सं0-115/2026 के तहत बीएनएस की धाराएं 318(4), 338, 336(3), 340 तथा पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 12(1)(बी) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है।
