

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा–सरायमीर मार्ग पर शुक्रवार सुबह रुपये के लेन-देन के विवाद में एक युवक ने पेड़ से लटककर विरोध प्रदर्शन किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा को सूचना मिली कि एक युवक सड़क किनारे पेड़ से लटककर विरोध कर रहा है। सूचना मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने और समझदारी से काम लेते हुए पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान फरहान पुत्र समीम अहमद, निवासी चकिया (वर्तमान में अपने ननिहाल में रह रहा है) के रूप में हुई। फरहान का आरोप है कि उसके दिवंगत मामू ने फरिहा निवासी तैय्यब को 1.75 लाख रुपये उधार दिए थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई। कई बार मांगने के बावजूद भुगतान न होने से आक्रोशित होकर उसने विरोध का यह कदम उठाया।युवक ने पेड़ की ऊपरी डाल पर अपने पैर रस्सी से बांध लिए और नीचे लटककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ से उसे शांत कराया और सुरक्षित नीचे उतारा।इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद के समाधान और बकाया धनराशि के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
