

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के एक प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पॉक्सो, हत्या और गैंगस्टर अधिनियम से जुड़े मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में शिथिलता, जनसुनवाई एवं जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही तथा पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। मामले में विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करें। भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
