

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के नयापुरा कस्बे में मंगलवार शाम जमीन विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। आरोप है कि सगे भाई ने ही 25 वर्षीय दिलशेर की चाकू मारकर हत्या कर दी। दिलशेर महज 10 दिन पहले सऊदी अरब से घर लौटा था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, दिलशेर पुत्र स्वर्गीय इम्तियाज और उसके भाई राजू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। परिजनों का आरोप है कि राजू ने चाकू से हमला कर दिलशेर की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिलशेर को तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी विवाद के चलते यह घटना हुई। सूचना पर पहुंची जहानागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शव हटाए जाने के बाद भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी
