आजमगढ़ भीषण गर्मी में बेजुबानों का सहारा बना परिवर्तन सेवा संस्थान

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आजमगढ़ में एक सामाजिक पहल चर्चा का विषय बनी हुई है। परिवर्तन सेवा संस्थान की गांधीगिरी टीम ने पशु-पक्षियों के लिए जल संरक्षण और सेवा अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जल पात्र लगाए जा रहे हैं ताकि गर्मी से बेहाल बेजुबान जीवों को पानी मिल सके। संस्थान का लक्ष्य इस वर्ष लगभग 70 जल पात्र स्थापित करने का है। गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इंसानों के साथ-साथ पशु और पक्षी भी पानी की कमी से परेशान हैं। इन्हीं बेजुबान जीवों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से परिवर्तन सेवा संस्थान की गांधीगिरी टीम ने जनपद में जल पात्र लगाने का अभियान शुरू किया है।अभियान के तहत मेहता पार्क, रैदोपुर, रोडवेज, मातवरगंज और सिविल लाइन समेत नगर के कई प्रमुख स्थानों पर जल पात्र स्थापित किए गए। इन जल पात्रों में नियमित रूप से पानी भरा जाएगा ताकि पशु-पक्षियों को गर्मी के मौसम में राहत मिल सके।संस्थान के सचिव विवेक पांडेय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी संगठन द्वारा नगर क्षेत्र में लगभग 70 जल पात्र लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मानवता केवल मनुष्यों की सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि बेजुबान जीवों की देखभाल भी हमारा सामाजिक दायित्व है।उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर भी पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें। थोड़े से प्रयास से कई बेजुबान जीवों का जीवन बचाया जा सकता है।इस अभियान में सौरभ पंडित, घनश्याम गुप्ता, प्रतीक श्रीवास्तव, उज्ज्वल श्रीवास्तव, सानू गुप्ता, मनीष कुमार, अंजनी सहित परिवर्तन सेवा संस्थान के अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *