




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के फूलपुर थाना क्षेत्र में साइकिल विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, ग्राम दुर्वाषा (चेतरा) निवासी अभिषेक यादव ने थाना फूलपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 19 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे साइकिल को लेकर हुए विवाद में विपक्षीगण लाठी-डंडा लेकर उनके घर पर चढ़ आए। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिसमें उनकी भाभी विन्दु यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों को भी चोटें आईं।घटना के आधार पर थाना फूलपुर में बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने 21 मई की सुबह मुखबिर की सूचना पर दुर्वाषा गेट के आगे कोल्ड स्टोरेज रोड से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में अंकित यादव, शकुन्तला यादव, चमेली देवी और सविता यादव शामिल हैं। सभी ग्राम दुर्वाषा (चेतरा) के निवासी बताए गए हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव समेत थाना फूलपुर की पुलिस टीम शामिल रही।
