




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतरौलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टेम्पो और ई-रिक्शा में सफर कर रही महिलाओं के बैग से जेवर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी गए सभी जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं।पुलिस के अनुसार, बीते दिनों थाना क्षेत्र में महिलाओं के बैग से जेवर चोरी होने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना में पकड़ियापुर मखनहां निवासी जितेंद्र उर्फ पप्पू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बहन कुसुम प्रजापति के बैग से अतरैठ बाजार के पास ई-रिक्शा में सफर के दौरान दो महिलाओं ने दो जोड़ी बिछिया और एक जोड़ी पायल चोरी कर ली थी।वहीं दूसरी घटना में मिल्कीपुर निवासी अभयराज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री प्रीती के बैग से टेम्पो यात्रा के दौरान एक जोड़ी हाथ पलानी और करधन चोरी हो गया। शक के आधार पर दो महिलाओं को मौके पर पकड़कर थाने लाया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक मनीष विश्वकर्मा ने महिला हेल्प डेस्क टीम के साथ संदिग्ध महिलाओं खुशबू और पूजा की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की गई हाथ पलानी और करधन बरामद हुआ। इसके बाद दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।इसी क्रम में उपनिरीक्षक पवन कुमार शुक्ला की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सरैया गेट के पास घेराबंदी कर गिरोह की दो अन्य सदस्य रिया और सीमा को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी की गई बिछिया और पायल बरामद हुई। पूछताछ में सभी अभियुक्ताओं ने चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।गिरफ्तार अभियुक्ताओं में रिया पत्नी शिवा निवासी गोहटा थाना सरपतहां जनपद जौनपुर, सीमा पत्नी धर्मेंद्र निवासी गोहटा थाना सरपतहां जनपद जौनपुर, खुशबू पत्नी मनोज निवासी टैनी थाना पवई जनपद आजमगढ़ तथा पूजा पत्नी राजकुमार निवासी टैनी थाना पवई जनपद आजमगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्ताओं के कब्जे से दो जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी हाथ पलानी और एक अदद करधन बरामद किया है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनीष विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक पवन कुमार शुक्ला, महिला उपनिरीक्षक अनुराधा यादव, महिला कांस्टेबल सृष्टि मौर्या, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल रणवीर वर्मा की अहम भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने टीम की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है।
