




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के निजामाबाद थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दरोगा पर मकान निर्माण कार्य शुरू कराने के नाम पर 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार क्यामुद्दीन पट्टी उर्फ परसहाँ निवासी शहजाद अहमद ने क्षेत्राधिकारी सदर को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि फरिहा चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक परमात्मा यादव उनसे मकान निर्माण कार्य शुरू कराने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर थाना निजामाबाद में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के बाद क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में फरिहा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ आरोपी उपनिरीक्षक परमात्मा यादव को थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है।
