



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर यातायात पुलिस ने सोमवार को शहर में विशेष बाइक रैली निकालकर आमजन को जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने दोपहिया वाहनों से शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण करते हुए लोगों को लोक अदालत के लाभों की जानकारी दी। रैली के दौरान लाउडस्पीकर और पंपलेट्स के माध्यम से बताया गया कि 9 मई 2026 को जनपद न्यायालय में आयोजित होने वाली लोक अदालत में लंबित शमनीय आपराधिक वाद, वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस, बैंक रिकवरी और विशेष रूप से यातायात चालानों का निस्तारण आपसी सहमति से कराया जा सकता है। यातायात प्रभारी ने आमजन से अपील की कि जिनके चालान लंबे समय से लंबित हैं, वे लोक अदालत में पहुंचकर छूट का लाभ उठाएं और अपने मामलों का त्वरित निस्तारण कराएं। इससे समय की बचत के साथ अनावश्यक जुर्माने और कानूनी परेशानियों से भी राहत मिलेगी। बाइक रैली गिरजाघर चौराहा, कलेक्ट्रेट, सिविल लाइन्स, रैदोपुर तिराहा होते हुए शारदा तिराहा जैसे प्रमुख स्थानों से गुजरी, जहां पुलिसकर्मियों ने लोगों से संवाद कर उन्हें अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
