


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में बीती आधी रात दलित बस्ती में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पत्नी को बचाने गए पड़ोसी की जान चली गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने जांच पड़ताल की। दूसरी तरफ शव को कब्जे में ले लिया गया और औपचारिक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राहुल का अपनी पत्नी से आए दिन विवाद होता था। रविवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से कहासुनी के बाद मारपीट करने लगा। शोर सुनकर पड़ोसी रामजी उम्र 40 वर्ष बीच-बचाव के लिए पहुंचे और महिला को बचाने का प्रयास किया।इसी दौरान आक्रोशित राहुल ने लोहे की रॉड से रामजी पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।घायल रामजी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और चक्रपानपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। मृतक राम जी मेहनत मजदूरी कर जीवको पार्जन करता था दो पुत्र और दो पुत्री का पिता था।इस घटना में ग्राम गोपालपुर निवासी संध्या देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि 26 अप्रैल की शाम करीब 8:30 बजे राहुल पुत्र रामजीत राम शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। उनके पति रामजी द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामजी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।इस घटना के संबंध में थाना मेंहनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 27 अप्रैल को सुबह करीब 3:10 बजे आरोपी राहुल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
