आजमगढ़ भाजपा कार्यालय में बवाल: जिला अध्यक्ष पर मारपीट का आरोप, बोले—विरोधियों की साजिश

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी आजमगढ़ के जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह एक बार फिर विवादों में है । भाजपा कार्यकारिणी में हत्या के आरोपी लालचंद यादव को जिला मंत्री बनाए जाने पर विवाद थमा भी नहीं था कि जिले के भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में सोमवार रात एक और विवादित घटना सामने आई है, जिसमें कार्यालय प्रभारी रामचंद्र यादव ने जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में तमाम तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कार्यालय प्रभारी रामचंद्र यादव के अनुसार, वह रात में भोजन करने के बाद कार्यालय में बैठे थे, तभी जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह वहां पहुंचे और कहने लगे कि तुमने शराब पी है मैने इनकार किया तो मेरे साथ दुर्व्यवहार किया और थप्पड़ मारा। उन्होंने बताया कि वह पिछले तीन दशकों से पार्टी से जुड़े हैं और उनकी पार्टी के प्रति गहरी आस्था है, लेकिन इस घटना से वह बेहद आहत हैं। रामचंद्र यादव ने कहा कि ध्रुव सिंह जब से दूसरी बार जिला अध्यक्ष बने सबसे उनके अंदर ज्यादा गर्मी है। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पार्टी के शीर्ष नेताओं को दे दी है और जो भी निर्णय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा, वह उसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उन्हें पद से हटाना था तो सीधे कहा जा सकता था, इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।वहीं, इस मामले में जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पार्टी के अंदरूनी विरोधियों की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि रामचंद्र यादव उनके बड़े भाई हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग जिन्हें पद और प्रतिष्ठा नहीं मिल पाई, वे उनके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं और उन्होंने किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार नहीं किया है। गौरतलब है कि घटना वाले दिन ही 6 अप्रैल को भाजपा कार्यालय पर स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया था और आजमगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *