जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने के दिए निर्देश

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कैम्प कार्यालय पर जनपद में संचालित फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में अभी भी ऐसे अनेक किसान हैं, जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है। ऐसी स्थिति में भविष्य में उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।जिलाधिकारी ने ग्राम्य विकास, पंचायतीराज एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को जागरूक करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र किसान रजिस्ट्री से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि किसान बंधु अपनी फार्मर रजिस्ट्री सेल्फ ऐप, सहायक ऐप अथवा जनसेवा केंद्र के माध्यम से स्वयं भी तैयार कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सहायक, रोजगार सेवक तथा कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी), बीटीएम एवं एटीएम के माध्यम से किसानों की फार्मर रजिस्ट्री निःशुल्क तैयार कराई जा रही है।जिलाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे शीघ्र अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराएं, क्योंकि रजिस्ट्री तैयार न होने की स्थिति में आगामी खरीफ मौसम में खाद एवं बीज की खरीद में भी असुविधा हो सकती है।उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए किसान को अपना आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा अपनी भूमि से संबंधित दस्तावेज/खतौनी की प्रति साथ लाना अनिवार्य है।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम स्तर पर शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराई जाए, जिससे किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके।बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उप क़ृषि निदेशक आशीष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *