जमीनी विवाद में सभासद अतुल सिंह के आरोपी को डॉक्टर धीरज पाटिल ने किया खारिज, कहा सभी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया गया

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली पश्चिमी वार्ड नं. 12 स्थित आराजी नंबर 226 की भूमि को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। इस मामले में स्थानीय सभासद अतुल सिंह ने जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल निर्माण कार्य रोकने की मांग की है। सभासद अतुल सिंह के नेतृत्व में सभासदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि संबंधित भूमि नगर पालिका परिषद की बहुमूल्य संपत्ति है, जिस पर फर्जी तरीके से कब्जा और खरीद-फरोख्त का मामला लंबे समय से चलता आ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 में उप जिलाधिकारी के आदेश के आधार पर कुछ लोगों ने अपना नाम राजस्व अभिलेख में दर्ज करा लिया था। हालांकि, बाद में नगर पालिका परिषद द्वारा दायर तजबीजानी को स्वीकार करते हुए उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर ने 2 दिसंबर 2023 को पूर्व आदेश को निरस्त कर दिया था। सभासद का कहना है कि इस आदेश पर अब तक किसी भी उच्च न्यायालय द्वारा रोक नहीं लगाई गई है, इसके बावजूद जमीन पर कब्जा और निर्माण कार्य जारी है। शिकायत के अनुसार, 13 मार्च 2026 को थाना और उप जिलाधिकारी को लिखित सूचना भी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य रोकने की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले में अपने ऊपर लगे आरोपों को आजमगढ़ के न्यूरो सर्जन डॉ. धीरज पाटिल ने पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि उनके और उनकी पत्नी के नाम विधिवत खरीदी गई है और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। डॉ. पाटिल के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई है और अब तक किसी भी विभाग द्वारा निर्माण रोकने का कोई नोटिस नहीं दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाया जा रहा है और वह शिकायतकर्ता को जानते तक नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *