


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ में होली का त्योहार शहर से लेकर गांव तक पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोग रंग और गुलाल में सराबोर नजर आए। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की बधाई दी।शहर के प्रमुख इलाकों चौक, पुरानी सब्जी मंडी और पुरानी कोतवाली क्षेत्र में पारंपरिक “कपड़ा फाड़ होली” का आयोजन हुआ। होली खेलने पहुंचे युवाओं की टोलियां ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर झूमती नजर आईं। रंग खेलने के बाद आपसी मस्ती में एक-दूसरे के कपड़े फाड़ने की परंपरा भी निभाई गई, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में जुटे रहे।होली के रंग में सराबोर लोग “होली है” के जयघोष के साथ गलियों में घूमते दिखाई दिए। कई स्थानों पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। गांव क्षेत्रों में भी पारंपरिक फगुआ गीतों और ढोलक की थाप पर जमकर नृत्य हुआ।त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।कुल मिलाकर आजमगढ़ में होली का पर्व उल्लास, भाईचारे और परंपरा के संगम के रूप में मनाया गया।
