


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के (जीआरपी) थाना आजमगढ़, अनुभाग गोरखपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत शुक्रवार को रेलवे स्टेशन परिसर से चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रेलवे गोरखपुर एवं पुलिस उपाधीक्षक के निर्देशन में की गई। जीआरपी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पूर्वी छोर पर खड़े होकर यात्रियों को सोने के आभूषण सस्ते दाम में बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 1,60,000 रुपये नकद, एक जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र, कान की छोटी बाली, नथुनी सहित अन्य आभूषण बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेनों में सफर कर यात्रियों के बैग को निशाना बनाते थे। जिन बैगों में ताला या लॉक लगा होता था, उन्हें ब्लेड से काटकर कीमती सामान चोरी कर लेते थे और अगले स्टेशन पर उतर जाते थे। चोरी के गहनों को राह चलते लोगों को सस्ते दाम पर बेच देते थे। आरोपियों ने 21 फरवरी 2026 को शाहगंज-बेलिया पैसेंजर ट्रेन में एक महिला यात्री के बैग से मंगलसूत्र, हार, अंगूठी, झुमका, पायल और 28 हजार रुपये नकद चोरी करने की भी बात कबूल की है। चोरी के कुछ गहने बेच दिए गए, जबकि शेष सामान बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से रेलवे क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
