


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। होली पर्व के दृष्टिगत आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी आज़मगढ़ के आदेश के क्रम में जनपद के आम जनमानस को मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थो की विक्रय पर प्रभावी रोकथाम हेतु सहायक आयुक्त खाद्य आज़मगढ़ द्वारा गठित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के प्रवर्तन दल द्वारा खोया, पनीर, दुग्ध उत्पाद से निर्मित खाद्य पदार्थ, खाद्य तेल, घी एवं वनस्पति, विभिन्न प्रकार की कचरी, पापड़, चिप्स एवं नमकीन, विभिन्न प्रकार की मिठाईयॉ, अन्य खाद्य पदार्थ यथा बेसन, मैदा आदि के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम एवं खाद्य पदार्थो की शुद्धता तथा गुणवत्ता सुनिश्चित कराये जाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है। उक्त के क्रम में खाद्य सचल दल द्वारा सेहदा स्थित पनीर व खोया भण्डारण इकाई पर आगरा के खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा जनपद में विक्रय हेतु आगरा से लाकर संग्रहित किये गये खाद्य पदार्थो से 02 खोया, 01 पनीर, 01 काजू बर्फी, 01 स्पेशल बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। नमूना संग्रहण उपरान्त सम्बन्धित खाद्य पदार्थ खोया, पनीर, काजू बर्फी व स्पेशल बर्फी को अस्वच्छ कर परिस्थितियों में संग्रहित व मिलावट के संदेह पर खोया लगभग 548 किलोग्राम अनुमानित मूल्य 164400 रुपये, पनीर 149 लगभग किलोग्राम, अनुमानित मूल्य 44700 रुपये, काजू बर्फी लगभग 24 किलोग्राम अनुमानित मूल्य 19200 रुपये व स्पेशल बर्फी लगभग 648 किलोग्राम अनुमानित मूल्य 99200 रुपये को जब्त कर विनष्टिकरण की कार्यवाही की गयी। एक अन्य खाद्य सचल दल द्वारा बोंगरिया बाजार मेंहनगर से 01 बेसन, 01 सरसों के तेल का नमूना गोपालपुर मेंहनगर से 01 खोया, छेना मिठाई का नमूना, खरिहानी मेंहनगर से 01 छेना मिठाई तथा मेंहनगर चौराहा से 01 गुलाब जामुन मिक्स का नमूना संग्रहित किया गया, संग्रहित नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया गया। इस प्रकार अब तक उक्त अभियान के अन्तर्गत कुल 26 छापामार कार्यवाहियों में कुल 35 नमूनें संग्रहित किये गये हैं तथा कुल 940 किलोग्राम खाद्य पदार्थ मूल्य 69340 रुपये जब्त कर सीज किया गया है एवं कुल 1394 किलोग्राम खाद्य पदार्थ मूल्य 335000 रुपये जब्त कर नष्ट किया गया है। सहायक आयुक्त खाद्य आज़मगढ़ सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि छापेमार कार्यवाही होली त्यौहार के दृष्टिगत अनवरत रूप से जारी रहेगी एवं आम जनमानस से अपील की गयी कि वे पैक्ड खाद्य सामग्री लेने से पहले उसकी बेस्ट बिफोर एवं एक्पायरी डेट जांच परख करने के पश्चात् ही क्रय करें तथा चमकीली एवं रंगीन मिठाईयों व रंगीन व चमकीले खाद्य पदार्थो से परहेज करें। उक्त छापेमार दलों का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण रजनीश कुमार, गोविन्द यादव, संजय कुमार तिवारी, सुचित प्रसाद, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमर नाथ, बेबी सोनम तथा राजीव कुमार सिंह सम्मिलित रहें।
