

राजस्व, बिजली, शिक्षा, कृषि समेत सभी विभागों की शिकायतों की हुई गहन समीक्षा
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में किया जाए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सार्वजनिक भूमि, तालाबों एवं सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लेखपाल को तत्काल मौके पर भेजा जाए। प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ता से संवाद कर उसे संतुष्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी लेखपाल द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।विद्युत विभाग की शिकायतों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिक शिकायत वाले गांवों में स्वयं अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ताओं से बात कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आरटीई योजना के तहत अभिभावकों के खातों में भेजी जाने वाली धनराशि से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। सभी एबीएसए अभिभावकों को बुलाकर आवश्यक दस्तावेजों की फीडिंग सुनिश्चित करें। जिन बच्चों का आधार कार्ड नहीं बना है, उनके लिए खंड विकास अधिकारी एवं एबीएसए की समिति गठित कर कैंप लगाकर आधार कार्ड बनवाया जाए।लोक निर्माण विभाग को खोरहटा ग्राम में अतिक्रमण से संबंधित शिकायत के निस्तारण हेतु संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी से समन्वय कर पैमाइश कराने के निर्देश दिए गए।पंचायती राज विभाग में मानदेय भुगतान से जुड़ी शिकायत की समीक्षा में बताया गया कि भुगतान कर दिया गया है और शिकायतकर्ता संतुष्ट है।कृषि विभाग के अंतर्गत बीज वितरण से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को तत्काल कार्रवाई कर निस्तारण सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि प्रकरण का शीघ्र निस्तारण नहीं होता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।खंड विकास अधिकारी तरवां को परिवार रजिस्टर से संबंधित शिकायत का तत्काल निस्तारण कर शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता कर सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जहां लापरवाही पाई जाएगी, वहां मुख्य राजस्व अधिकारी स्वयं जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।उन्होंने निर्देश दिया कि बार-बार आने वाली एवं भूमि से संबंधित शिकायतों को विशेष गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान किया जाए। आईजीआरएस पोर्टल पर अधिकतम शिकायतों का समय पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर उप जिलाधिकारी बूढ़नपुर, लालगंज, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड विकास अधिकारी जहानागंज एवं अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत फूलपुर की जिलाधिकारी ने प्रशंसा की।
