आजमगढ़ में 77वें गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।77वें गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) समारोह को गरिमापूर्ण एवं परंपरागत तरीके से मनाने को लेकर जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातः 7:00 बजे परिषदीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके पश्चात सुबह 8:30 बजे शासनादेश के अनुसार सभी सरकारी भवनों एवं कार्यालयों पर झंडारोहण, सामूहिक राष्ट्रगान एवं संविधान की शपथ दिलाई जाएगी।उन्होंने बताया कि प्रातः 9:30 बजे पुलिस लाइन आजमगढ़ में मुख्य झंडारोहण एवं राष्ट्रगान का कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसके तुरंत बाद पुलिस परेड कराई जाएगी। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं सेना/पुलिस बल के शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं प्रातः 10:00 बजे जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा।जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि गणतंत्र दिवस के आयोजन से पूर्व कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रमुख चौराहों, महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर फूल-मालाओं से सजाया जाए।उन्होंने नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों की मलिन बस्तियों में विशेष सफाई एवं चूना छिड़काव के निर्देश दिए। साथ ही सभी चिकित्सालयों, थाना, तहसीलों एवं शासकीय भवनों को सुसज्जित करने के निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गणतंत्र की मूल भावना, स्वतंत्रता संग्राम की जानकारी दी जाए। इस अवसर पर नाटक, विचार गोष्ठी, निबंध लेखन एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित कराया जाए।उन्होंने निर्देश दिया कि गणतंत्र दिवस पर कुष्ठ रोगियों को फल एवं दवाओं का वितरण किया जाए तथा रक्तदान शिविर भी आयोजित कराया जाए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों से संबंधित झांकियां निकाली जाएंगी। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा भी झांकी निकाली जाएगी। वहीं कारागार अधीक्षक को जेल में निरुद्ध बंदियों को फल वितरण के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने झंडारोहण के दौरान तिरंगे की मर्यादा बनाए रखने, झंडा सीधा बांधने एवं उसके ऊपर कोई अन्य ध्वज न होने के निर्देश दिए। सभी शिक्षण संस्थानों में निर्धारित समय से झंडारोहण कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया।बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी श्री संजीव ओझा ने बताया कि सभी विभागों की झांकियां एवं परेड कार्यक्रम पुलिस लाइन में संपन्न कराए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *