आजमगढ़ दिव्यांग छात्र से कथित मारपीट का मामला गरमाया, एसपी ग्रामीण ने दिए जांच के आदेश

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ विवेकानंद इंटर कॉलेज में पढ़ने वाला दिव्यांग दलित छात्र इंद्रजीत कथित तौर पर विद्यालयी प्रताड़ना का शिकार हुआ है। इंद्रजीत इंटरमीडिएट का छात्र है। आरोप है कि वह विद्यालय निर्धारित समय से महज 10 मिनट की देरी से पहुंचा था, इसी बात को लेकर अध्यापक नाराज़ हो गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि इसके बाद स्कूल बंद कराकर अध्यापक और कुछ छात्रों ने मिलकर इंद्रजीत के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित छात्र के पिता मोहित गौतम ने आरोप लगाया कि उनका बेटा दिव्यांग है और चलने में असमर्थता के कारण वह संतुलन बनाए रखने के लिए अध्यापक का स्वेटर पकड़ बैठा। लेकिन अध्यापक को यह गलतफहमी हो गई कि कॉलर पकड़ा जा रहा है, जिसके बाद गुस्से में आकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद वे लगभग एक सप्ताह तक थाने और एसपी कार्यालय के चक्कर काटते रहे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज़ स्थानीय लोगों और परिवार में भारी आक्रोश देखने को मिला।पीड़ित परिवार आखिरकार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, जहाँ उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की। इस पर एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जाएगी और यदि आवश्यकता पड़ी तो वे स्वयं इसकी निगरानी करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *