महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने की जनसुनवाई, 14 मामलों की सुनवाई, 4 का त्वरित निस्तारण

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। जनसुनवाई के दौरान कुल 14 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी, जमीनी विवाद, गुमशुदगी एवं साइबर क्राइम से जुड़े मामले शामिल रहे। माननीय सदस्य द्वारा चार प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कराया गया, जबकि शेष 10 मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।जनसुनवाई के दौरान डॉ. प्रियंका मौर्या ने पीड़ित महिलाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि उन्हें डरने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने महिलाओं से सशक्त, मजबूत, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया तथा भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग उनके साथ खड़ा है। इसके उपरांत माननीय सदस्य ने अटल आवासीय विद्यालय गम्भीरवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका में सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। रसोईघर की व्यवस्था एवं साफ-सफाई भी संतोषजनक मिली। विद्यालय में बच्चों से संवाद करते हुए बच्चों ने किसी प्रकार की समस्या न होने, समय से भोजन एवं गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई की जानकारी दी। माननीय सदस्य ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा बच्चों के साथ वृक्षारोपण भी किया। इसके बाद जिला कारागार आजमगढ़ का निरीक्षण किया गया, जहां सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं—मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं वन स्टॉप सेंटर योजना—के बारे में विस्तार से बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *