अतरौलिया में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, कोचिंग संचालक और चचेरे भाई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया आजमगढ़ । थाना क्षेत्र के गजेंधरपट्टी भेदौरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। कोचिंग संचालक और उनके चचेरे भाई की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग दो युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और हंसिये से हमला करने का आरोप लगाया है।गांव निवासी पंकज राजभर कोचिंग संचालित करते हैं। उनका आरोप है कि कोचिंग के सामने कुछ लोग मीट काटकर उसका कचरा फेंक देते हैं, जिससे कोचिंग में पढ़ने आने वाले बच्चों को परेशानी होती है। इसको लेकर पहले भी विरोध किया गया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।पंकज के मुताबिक, बीते बृहस्पतिवार को उनके चाचा निरहू राजभर के खेत में कुछ लोग जबरन पानी भरने लगे। विरोध करने पर विवाद शुरू हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर पंकज बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोप है कि विपक्षियों ने पुरानी रंजिश में उन्हें दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। हमले में उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, पीड़ितों का आरोप है कि हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और मुकदमे में उचित धाराएं बढ़ाने की मांग की है।इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन सिंह ने बताया कि मामला जमीन से संबंधित है। मारपीट हुई थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *