

युवाओं और महिलाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर, डीएम ने की मतदाताओं से नाम जांचने की अपील
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत शनिवार को जनपद के सभी 4361 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कंपोजिट विद्यालय हरखुपुर और कंपोजिट विद्यालय मनचोभा, पल्हनी सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्धारित समय तक बूथों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करें और 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांच लें। नाम दर्ज नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं, जबकि मतदाता सूची में किसी प्रकार के संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन करें।अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ मौजूद रहे। उनके पास फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 उपलब्ध कराए गए थे। साथ ही मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी सक्रिय रही। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 की सुविधा भी उपलब्ध रही।उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ ने दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, ग्राम प्रधानों, पार्षदों और सामाजिक संगठनों का सहयोग लेकर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण जरूरी है। जनपदवासियों से अपील है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाने में सहयोग करें।
