आजमगढ़ अबू आसिम आजमी का बड़ा बयान, 2027 में यूपी की 300 से अधिक सीटों पर सपा की जीत का दावा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

परिसीमन बिल पर सरकार को घेरा, अखिलेश-राहुल के साथ मिलकर बिल रोकने की रणनीति बनाने की कही बात

सपा-कांग्रेस गठबंधन में जीतने वाले उम्मीदवार को सीट देने की वकालत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आजमी शनिवार को अपने गृह जनपद आजमगढ़ पहुंचे। विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। परिसीमन बिल, महिला आरक्षण, दलबदल कानून और सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर उन्होंने अपनी बात रखी। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी और आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर सपा का कब्जा होगा।परिसीमन बिल को लेकर अबू आसिम आजमी ने कहा कि सरकार मनमानी और अहंकार के साथ काम कर रही है। उनके मुताबिक सरकार के पास पर्याप्त बहुमत नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी मिलकर इस बिल को पास होने से रोकने की रणनीति तय करेंगे।दलबदल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश में दलबदल रोकने के लिए सख्त कानून बनना चाहिए। कोई भी जनप्रतिनिधि जिस पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतता है, उसे उसी पार्टी के साथ रहना चाहिए। यदि पार्टी बदलनी है तो पहले इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़ना चाहिए।महिला आरक्षण पर उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने के साथ ही दलित और मुस्लिम महिलाओं के लिए भी उप-आरक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि समाज के वंचित वर्गों की महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोलते हुए अबू आसिम आजमी ने कहा कि सीटों का बंटवारा जमीनी स्थिति और जीतने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए। जिस पार्टी के पास मजबूत कार्यकर्ता और जीतने वाला उम्मीदवार हो, सीट उसी को मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन में केवल राजनीतिक समीकरण नहीं, बल्कि संबंधित क्षेत्र में जनसमर्थन को भी महत्व दिया जाना चाहिए।अखिलेश यादव के 25 लाख लोगों को रोजगार देने के वादे पर उन्होंने कहा कि यह कोई जुमला नहीं, बल्कि पक्की गारंटी है। सरकार बनने पर इसके लिए फंड की व्यवस्था कर वादे को पूरा किया जाएगा।ओवैसी और चंद्रशेखर रावण के गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि इसका समाजवादी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वहीं मुसलमानों को देश से बाहर निकालने जैसी बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें केवल राजनीतिक ध्रुवीकरण के लिए की जाती हैं। उन्होंने हिंदू, मुस्लिम और सिख समाज के लोगों से संविधान और गांधीजी की विचारधारा के अनुरूप एकजुट रहने की बात कही।आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों और उनके इंकलाब वाले बयान पर भी अबू आसिम आजमी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आजम खान कई बार मंत्री और सांसद रह चुके हैं और अदालत से बरी होकर आए हैं, ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में हिंदू-मुस्लिम भाईचारा और आपसी सौहार्द है। इसी आधार पर उन्होंने जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर सपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *