आजमगढ़ में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल डण्डा बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के ग्राम बीबीपुर में युवक पर लाठी-डण्डे से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त सगे भाई हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डण्डा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को ग्राम कोरौली बुजुर्ग निवासी नेहा ने थाना सरायमीर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी मां खेत में धान काट रही थीं। इसी दौरान उनका भाई गुलशन कुमार दोपहर करीब 12:35 बजे खाना लेकर जा रहा था। रास्ते में यादव बस्ती पुलिया के पास ग्राम बीबीपुर निवासी सचिन और नितिन ने उसे पकड़ लिया और जान से मारने की नीयत से सिर पर लाठी-डण्डे से हमला कर दिया। हमले में गुलशन गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया था।मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 287/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे गिरफ्तारी अभियान के तहत 28 नवंबर को उपनिरीक्षक राजकुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ दबिश देकर दोनों वांछित अभियुक्तों को सुबह करीब 9:35 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नितिन कुमार और सचिन पुत्रगण संजय कुमार निवासी ग्राम बीबीपुर, थाना सरायमीर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक डण्डा भी बरामद किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *