

अमन गुप्ता,आजमगढ़। विधानसभा क्षेत्र 351 लालगंज में मतदाता सूची को दुरुस्त और अपडेट करने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को लालगंज एसडीएम नेहा मिश्रा ने कम्पोजिट विद्यालय खनियरा स्थित बूथ संख्या 331, 332 और 333 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ की मौजूदगी और मतदाता पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान बूथ संख्या 331 की बीएलओ शकुन्तला देवी ने दो फार्म ऑनलाइन फीड किए थे, जबकि 12 फार्म फीड किए जाने के लिए अवशेष थे। बूथ संख्या 332 की बीएलओ रीता सिंह ने एक फार्म ऑनलाइन फीड किया था और आठ फार्म अवशेष थे। वहीं बूथ संख्या 333 की बीएलओ सुमन देवी ने छह फार्म ऑनलाइन फीड किए, जबकि 12 फार्म फीड किए जाने बाकी थे।एसडीएम नेहा मिश्रा ने सभी अवशेष फार्मों की फीडिंग समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि घर-घर जाकर सर्वे करें और पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ-साथ अपात्र और मृत मतदाताओं के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।एसडीएम ने विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के अधिक से अधिक फॉर्म-6 भरवाने पर जोर दिया। इसके अलावा प्रत्येक बूथ के जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने और मतदाता सूची को अधिक संतुलित बनाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सभी बीएलओ उपस्थित मिलीं। एसडीएम नेहा मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही न बरती जाए और डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से पात्र मतदाताओं को सूची से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।प्रशासन के इस अभियान से लालगंज विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और अपडेट बनाने की कवायद तेज होती नजर आ रही है।
