विभागीय जांच के बिना पुलिस के हाथ बंधे, ठेकमा स्वास्थ्य केंद्र में लगे गंभीर आरोपों की जांच अटकी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

आईजीआरएस शिकायत के बाद स्वास्थ्य केंद्र पहुंची पुलिस, चौकी प्रभारी बोले-विभागीय सहयोग के बिना पूरी सच्चाई सामने लाना मुश्किल

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा से जुड़ी आशा संगिनी मीनू सिंह की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर की गई शिकायत के आधार पर मंगलवार को ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार पटेल पुलिस टीम के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई।शिकायतकर्ता मीनू सिंह ने आशा संगिनी विभा राय और बीसीपीएम शमशाद अहमद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि उन्हें बहाने से आजमगढ़ ले जाकर एक मकान में जबरन संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर कथित तौर पर धमकी देने तथा नौकरी से हटाने की धमकी और अन्य तरह के प्रलोभन दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।आईजीआरएस पर शिकायत पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की है। मंगलवार को स्वास्थ्य केंद्र पहुंची पुलिस टीम ने संबंधित लोगों से पूछताछ कर शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में जानकारी जुटाई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी तस्वीर सामने लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग से संबंधित अभिलेख और विभागीय स्तर पर जांच भी जरूरी है।ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। विभागीय जांच और स्वास्थ्य विभाग से आवश्यक जानकारी मिलने के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि विभाग के सहयोग के बिना सभी तथ्यों तक पहुंचना मुश्किल है, फिर भी पुलिस अपनी ओर से जांच में जुटी है।वहीं, बरदह थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर आशा संगिनी मीनू सिंह की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए थे। इसी शिकायत की जांच के लिए ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार पटेल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गए थे।फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। जांच जारी है और विभागीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *