जल निगम की पानी टंकी से सोलर पैनल व तार चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के सहिंगड़ा गांव स्थित जल निगम की पानी टंकी से सोलर पैनल और तार चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को सेमरहा अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को सहिंगड़ा निवासी संजय यादव ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने रात करीब 3 से 4 बजे के बीच जल निगम की पानी टंकी की बाउंड्रीवाल फांदकर सोलर पैनल और तार काटकर चोरी कर लिए। इसके बाद आरोपी ई-रिक्शा संख्या UP50ET 9272 से मौके से फरार हो गए थे।तहरीर के आधार पर रानी की सराय थाने में मु0अ0सं0-266/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में अजय जायसवाल और गुलाम हसन के नाम सामने आने के बाद उनकी तलाश शुरू की।एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर और प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रईस अहमद पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित दोनों आरोपी सेमरहा अंडरपास के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय जायसवाल पुत्र स्व. आदित्य प्रसाद, निवासी बाजबहादुर, खेड़िया मस्जिद के पास, थाना कोतवाली, आजमगढ़ और गुलाम हसन पुत्र सहरुद्दीन, निवासी जाफरपुर, थाना सिधारी, आजमगढ़ के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, अजय जायसवाल के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गुलाम हसन के खिलाफ मारपीट और धमकी का एक मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रानी की सराय थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे में धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *