

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के सपनहर रुद्रपुर गांव में मंगलवार की रात घर में घुसकर दंपती पर लाठी और चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में गुड्डी राजभर और उनके पति बेचन राजभर घायल हो गए। दोनों का इलाज जिला अस्पताल आजमगढ़ में चल रहा है।गांव निवासी पवन सिंह ने मेहनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि 29 सितंबर की रात करीब 9:20 बजे पड़ोस में अचानक शोर सुनाई दिया। मौके पर पहुंचने पर देखा कि 30 वर्षीय गुड्डी राजभर पत्नी बेचन राजभर और 35 वर्षीय बेचन राजभर पुत्र कुद्दू राजभर को उनके पट्टीदार उमेश राजभर पुत्र बुद्धू राजभर तथा अजीत राजभर पुत्र रमेश राजभर घर में घुसकर लाठी और चाकू से मार रहे थे।शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों मौके से फरार हो गए। घायल दंपती को उपचार के लिए मेहनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया।तहरीर के अनुसार घायल दंपती के परिवार में तत्काल सूचना देने वाला कोई सदस्य नहीं होने के कारण पवन सिंह ने थाने में घटना की जानकारी दी। पीड़ित की ओर से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।जिला अस्पताल में भर्ती बेचन राजभर ने बताया कि उनकी पट्टीदारों से कोई रंजिश नहीं है इसके बाद भी आए दिन पट्टीदार उन्हें प्रताड़ित करते रहते हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
