

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कोहड़ौरा गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी द्वारा पति के प्राइवेट पार्ट पर तेजाब डालने का मामला सामने आया है। घटना में पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तेजाब की बोतल भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को कोहड़ौरा निवासी मुकेश पाण्डेय ने गंभीरपुर थाने में अपनी पत्नी के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। आरोप है कि ससुराल में किसी बात को लेकर विवाद के दौरान पत्नी ने उसके प्राइवेट पार्ट पर तेजाब डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।तहरीर के आधार पर थाना गंभीरपुर में मु0अ0सं0 233/2026, धारा 124(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।इसी क्रम में गंभीरपुर पुलिस टीम ने 27 सितंबर को दोपहर 1:20 बजे आरोपी महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक तेजाब की बोतल भी बरामद की है।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्ता को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में SO अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल दुर्गेश राय, रिजर्व कांस्टेबल सौरभ कुमार और रिजर्व महिला कांस्टेबल रागिनी गौड़ शामिल रहीं।
