चुनावी रंजिश में जानलेवा हमला, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश के चलते हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में शामिल एक युवक को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।पुलिस के अनुसार, बरवां गांव निवासी मनोज कुमार राजभर ने तहरीर देकर बताया कि 25 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे वह मेहनाजपुर बाजार से घर लौट रहे थे। प्राथमिक विद्यालय बरवां के पास कुछ लोगों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने के बाद गांव के ही प्रदीप राजभर, शिवश्याम उर्फ पूजा, गौतम उर्फ गोलू और प्रितेश राजभर ने चुनावी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।आरोप है कि विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडों और टाइल्स से मनोज कुमार के सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर मेहनाजपुर थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत उपनिरीक्षक अमित कुमार पाल ने रविवार को थाना परिसर से अभियुक्त शिवश्याम उर्फ पूजा (22 वर्ष) निवासी बरवां, थाना मेहनाजपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *