आजमगढ़ घर में काम कर रही 21 वर्षीय छात्रा को सांप ने डसा, उपचार के दौरान मौत

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ अतरौलिया। थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव में सर्पदंश की दर्दनाक घटना में 21 वर्षीय बीए की छात्रा महिमा की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, सुखीपुर गांव निवासी सुरेंद्र कुमार की पुत्री महिमा बुधवार सुबह करीब 8 बजे घर के अंदर घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान उसे किसी जहरीले सांप ने डस लिया। महिमा की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अतरौलिया के एक निजी अस्पताल ले गए।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। परिजन उसे अंबेडकरनगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद घर में खोजबीन के दौरान एक सांप को पकड़ा भी गया, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसी सांप ने महिमा को काटा था या किसी अन्य जहरीले जीव ने। मृतका महिमा बीए की छात्रा थी और अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। वह पढ़ाई में मेधावी होने के साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी सहयोग करती थी। उसकी असमय मौत से छोटे भाई-बहन करण, अंतिमा और पवन गहरे सदमे में हैं। मां शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना के बाद गांव के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।महिमा की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *