

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मंडलीय जिला चिकित्सालय के वार्ड नंबर-19 में भर्ती मरीज के परिजनों ने कर्मचारियों पर धन उगाही का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि भर्ती के दौरान उनसे प्रतिदिन 100 रुपये की वसूली की गई और बिना पैसे दिए डिस्चार्ज संबंधी कागजात देने से भी मना किया गया।अजमतगढ़ निवासी मनीता ने बताया कि उनके 85 वर्षीय ससुर लालजी सोनकर पिछले 17 दिनों से वार्ड नंबर-19 में भर्ती थे। आरोप है कि वार्ड के कर्मचारियों ने इलाज के दौरान रोजाना 100 रुपये लिए और मरीज की छुट्टी के समय भी डिस्चार्ज पर्ची देने के लिए पैसे की मांग की गई। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत कर जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपों को खारिज करते हुए एसआईसी डॉ. सतीष कन्नौजिया ने कहा कि वह स्वयं वार्डों का नियमित निरीक्षण करते हैं और अस्पताल में पूरे दिन मौजूद रहते हैं। उनके अनुसार इस प्रकार की कोई शिकायत पहले नहीं मिली है और महिला द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
