

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया आजमगढ़। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम भोराजपुर कला में वर्षों से चली आ रही जल निकासी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आ गया। गांव में एकत्र होकर लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया तथा चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगामी विधानसभा, लोकसभा और ग्राम पंचायत चुनावों का बहिष्कार करेंगे।ग्रामीणों के अनुसार गांव की लगभग 1200 से 1500 की आबादी लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रही है। मुख्य मार्ग पर स्थायी रूप से पानी जमा रहने के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित होता है, वहीं संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग उठाई।ग्रामीण मुदस्सिर अहमद ने बताया कि गांव में जल निकासी के लिए मौजूद करीब 11 बिस्सा गाड़े पर धीरे-धीरे अवैध कब्जा हो गया, जिससे पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित हो गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।बुजुर्ग ग्रामीण निसार अहमद ने कहा कि कई वर्षों से समस्या जस की तस बनी हुई है। पहले पानी निकासी का रास्ता था, लेकिन अब वह पूरी तरह अवरुद्ध हो चुका है। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, ग्रामीण मतदान को लेकर पुनर्विचार करेंगे।स्थानीय निवासी फरहान आजमी ने बताया कि गांव में मंदिर और मस्जिद दोनों स्थित हैं। श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ और नमाज के लिए इसी जलभराव वाले रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीण आपस में चंदा जुटाकर अस्थायी रूप से पानी निकलवाते हैं। उन्होंने नियमित सफाई और दवा छिड़काव नहीं होने का भी आरोप लगाया।ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध कब्जों की जांच कराकर नाला निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अब बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस संबंध में उप जिलाधिकारी अभय राज पांडे ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत संज्ञान में है। मामले की जांच नायब तहसीलदार को सौंप दी गई है। जांच में यदि अवैध कब्जा या जल निकासी में बाधा की स्थिति पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
