आज़मगढ़: ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड में दो आरोपी गिरफ्तार, 4.64 करोड़ के लेनदेन का खुलासा

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आज़मगढ़। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप “51GAME” के जरिए हुई साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 13 एटीएम कार्ड, दो पैन कार्ड, दो आधार कार्ड और ₹20,500 नकद बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर निवासी मनोज यादव से ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करीब ₹9.25 लाख की ठगी की गई थी। मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पहले बिहार निवासी अविनाश विजय को गिरफ्तार किया गया था। आगे की विवेचना, बैंक खातों के विश्लेषण, सीडीआर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाराणसी के शशांक खन्ना और कमलेश शर्मा की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड गिरोह से जुड़े हैं और साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि को कमीशन के आधार पर विभिन्न करंट खातों में ट्रांसफर कराते थे। पुलिस के मुताबिक शशांक खन्ना और कमलेश शर्मा ने मिलकर एक केनरा बैंक खाते के माध्यम से मात्र दो दिनों में करीब ₹4 करोड़ 64 लाख का लेनदेन किया। इस खाते के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 52 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खाते में मौजूद ₹3.56 लाख की धनराशि फ्रीज कराई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट की धाराओं 66C और 66D के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *