आजमगढ़ आजमगढ़ में विवादित भूमि पर मिट्टी डलवाने का आरोप,रौनापार थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के खोजौली गांव में विवादित भूमि पर पुलिस की मौजूदगी में जबरन मिट्टी गिरवाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। खोजौली निवासी राधिका सिंह ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक भूमि से संबंधित मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे, एक कांस्टेबल तथा विपक्षी पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और विवादित भूमि पर मिट्टी डलवाकर कब्जा कराने का प्रयास किया। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उनके परिवार के साथ अभद्रता की गई, पुत्र के साथ मारपीट हुई तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी राजस्व विभागीय टीम की मौजूदगी के तीन ट्राली मिट्टी विवादित भूमि पर डलवाई गई। साथ ही एक कांस्टेबल पर विपक्षी पक्ष से मिलीभगत और धन की मांग करने का भी आरोप लगाया गया है। राधिका सिंह ने दावा किया कि घटना से जुड़े वीडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं और उन्होंने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों एवं विपक्षी पक्ष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। वहीं, रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि जिस भूमि पर मिट्टी डाली गई है, वह न्यायालय में विचाराधीन भूमि का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि मुकदमा पास की दूसरी भूमि को लेकर चल रहा है और दोनों भूमि का आपस में कोई संबंध नहीं है। थानाध्यक्ष के अनुसार महिला द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *