




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आर्यमगढ़। विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में प्रांत स्तरीय परिषद शिक्षा वर्ग का आयोजन 7 जून से 17 जून 2026 तक आर्यमगढ़ स्थित साई इंटरनेशनल स्कूल में किया जा रहा है। इस शिक्षा वर्ग में विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। प्रेस वार्ता के दौरान मिलिंद परांडे ने विश्व हिंदू परिषद के उद्देश्यों, आगामी कार्यक्रमों और राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न विषयों पर संगठन की रणनीति साझा की। उन्होंने बताया कि परिषद शिक्षा वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के शारीरिक, मानसिक एवं संगठनात्मक विकास के साथ-साथ संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को बढ़ावा देना है। शिक्षा वर्ग में ग्राम समिति से लेकर खंड एवं उससे ऊपर के दायित्ववान कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। यह प्रशिक्षण वर्ग उन महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित किया गया है जिन्हें वर्तमान में संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभानी हैं। इसके अलावा जून माह के अंतिम सप्ताह में अयोध्या में चार दिवसीय केंद्रीय बैठक आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी गई। इस बैठक में देशभर से लगभग 450 पदाधिकारी शामिल होंगे, जहां संगठन के विभिन्न राष्ट्रीय विषयों और आगामी योजनाओं पर चर्चा होगी। बैठक में हिंदू मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने, गो-रक्षा को सशक्त बनाने, लव जिहाद एवं धर्मांतरण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रभावी रणनीति और कानून की आवश्यकता जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। संगठन ने तीन वर्ष में एक बार चलाए जाने वाले सदस्यता अभियान “हिंदू हित चिंतक अभियान” की शुरुआत की घोषणा करते हुए बताया कि इस अभियान के तहत देशभर में बड़ी संख्या में नए सदस्यों को जोड़ा जाएगा। साथ ही आगामी 2 अक्टूबर को विहिप के वरिष्ठ नेता अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी वर्ष को संगठनात्मक रूप से मनाने का निर्णय भी लिया गया है।
