


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। में सरकारी पट्टे की भूमि पर कब्जा और दबंगई के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बरदह थाना क्षेत्र के उदियावा गांव का सामने आया है, जहां एक पट्टाधारक को मछली निकालने से रोके जाने और पुलिस कार्रवाई न होने का आरोप लगा है।सोमवार को अशोक सिंह के नेतृत्व में पीड़ित संतोष सरोज जिला मुख्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर सुरक्षा और न्याय की मांग की।पीड़ित के अनुसार, लालगंज तहसील द्वारा उदियावा गांव में पोखरी खाते की सरकारी भूमि का पट्टा उनके नाम आवंटित किया गया था, जिस पर उन्होंने नियमानुसार मछली पालन शुरू किया। आरोप है कि जब वह मछली निकालने पहुंचे तो गांव के कुछ दबंग लोगों ने उन्हें रोक दिया और काम बंद करा दिया।संतोष सरोज का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और बरदह थाने को दी गई थी, लेकिन दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण दबंगों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
