


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब पुरानी जेल के सामने बंधा रोड पर एक लावारिस शव मिलने की सूचना सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिन करीब तीन बजे राहगीरों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस, सिविल लाइन चौकी और रोडवेज चौकी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया ताकि जांच में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और शव की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक की उम्र लगभग 31 वर्ष आंकी गई। शव की हालत खराब थी जिससे शुरुआती पहचान करना मुश्किल हो रहा था। सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और नियमानुसार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शव की पहचान शहर कोतवाली क्षेत्र के गुरुटोला मोहल्ला निवासी सुधाकर पाठक पुत्र संजय पाठक के रूप में की गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। सुधाकर के मौत की खबर लगते हैं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। मृतक सुधाकर पत्रकार पदमाकर पाठक के छोटे भाई थे । सुधाकर की संदिग्ध मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, आरोप है कि घटना के समय पत्नी पूजा ने अपने पति सुधाकर को फोन किया। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा फोन उठाकर खुद को बड़ादेव और उसके बाद पुरानी सब्जी मंडी पर मोबाइल देते हुए सुधाकर को मोहम्दाबाद जाने की बात का हवाला देकर मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया गया।
