


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के मुबारकपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीन विवाद में बेटे ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पिचरी निवासी बृजबिहारी ने 31 मार्च 2026 को सूचना दी कि उनके भाई गोविन्द ने अपने पिता ज्ञानधारी पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए कुल्हाड़ी से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में मुबारकपुर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।1 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम जब गांव पहुंची, तो आरोपी गोविन्द को परिजनों की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
