


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कंधरापुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जीएसटी चोरी के मामले में फरार चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से दो लाख रुपये नकद और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। आपको बता दे की जीएसटी चोरी प्रकरण में इससे पहले वेदवीर, विजय कुमार यादव और अविराज शर्मा नामक तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं एक अन्य आरोपी मधुसूदन जायसवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। बता दे की 3 सितंबर 2025 को राज्यकर विभाग और पुलिस द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान यह मामला सामने आया था। जांच में पाया गया कि बोगस फर्मों के नाम पर फर्जी इनवॉयस और ई-वे बिल बनाकर ओल्ड आयरन स्क्रैप का अवैध परिवहन किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि छत्तीसगढ़ की विद्या ट्रेडर्स और हिमाचल प्रदेश की अविराज ट्रेडिंग समेत कई फर्जी जीएसटी पंजीकरण के जरिए संगठित रूप से टैक्स चोरी कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। इस मामले में थाना कंधरापुर में मुकदमा संख्या 285/25 विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है, जिसकी विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार कर रहे हैं। इस मामले में अहम भूमिका निभाने वाली विवेचना टीम और साइबर सेल को प्रोत्साहित करने के लिए एसएसपी आजमगढ़ द्वारा 25,000 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
